
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी। विक्रम संवत् 2082, कार्तिक शुक्ल एकादशी — देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर 1 नवंबर 2025 को कटनी का कटायेघाट भव्य दीपोत्सव पर्व-2025 के तहत 15 हजार दीपों की अलौकिक ज्योति से जगमगाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल ने बताया कि इस अवसर पर 5 पंडितों द्वारा महाआरती संपन्न कराई जाएगी। दीप आराधना श्रीरामचंद्र जी, माता सीता, माँ नर्मदा एवं माँ मंदाकिनी को समर्पित होगी।
दीपों की पंक्तियों में सजेगा अयोध्या की झलक, और नर्मदा तट पर भक्ति की गूंज के साथ भक्तों का आस्था सागर उमड़ेगा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही शाम 6:30 बजे से भक्ति संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें नर्मदापुरम के प्रसिद्ध भक्ति गायक नमन तिवारी एवं उनके साथी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
यह आयोजन श्रीरामचन्द्र पथ गमन न्यास, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन कटनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कटायेघाट की धरती पर नर्मदा आरती और दीपमालाओं की अद्भुत झिलमिलाहट श्रद्धा और संस्कृति का संगम बनेगी।








