
कटनी (22 सितंबर) – कटनी जिले ने खनन क्षेत्र में इतिहास रच दिया है। स्लीमनाबाद के इमलिया गोल्ड ब्लॉक में जल्द ही स्वर्ण खनन का कार्य शुरू होने जा रहा है। सोमवार को पावन शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन कलेक्टर आशीष तिवारी एवं मुंबई स्थित प्रॉस्पेक्ट रिसोर्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अविनाश लांडगे के बीच माइनिंग लीज एग्रीमेंट साइन हुआ। इस एग्रीमेंट के साथ ही कटनी अब वैश्विक स्वर्ण खनन मानचित्र पर दर्ज हो गया है।
50 साल के लिए पट्टा
कलेक्टर श्री तिवारी ने बताया कि ई-नीलामी प्रक्रिया से कंपनी को 6.510 हेक्टेयर क्षेत्र का खनन पट्टा 50 वर्षों के लिए प्रदान किया गया है।
14 लाख टन मिनरल ओर का भंडार
उपसंचालक माइनिंग रत्नेश दीक्षित ने कहा कि यहां सोने के साथ बेस मेटल, चांदी, जिंक, सीसा और कॉपर भी निकाला जाएगा। प्राथमिक अन्वेषण में करीब 14 लाख टन मिनरल ओर की संभावना जताई गई है। जल्द ही कंपनी यहां आधुनिक मशीनरी इंस्टॉल कर उत्खनन कार्य शुरू करेगी।
रोजगार और राजस्व में बढ़ोतरी
इस गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट से जिले में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर अतिरिक्त राजस्व और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। अभी तक पूरे देश में केवल कर्नाटक में ही स्वर्ण खनन हो रही थी, लेकिन अब मध्यप्रदेश भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है।
खनिज संपदा का केंद्र कटनी
कटनी पहले से ही चूना, बाक्साइट, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स की प्रचुरता के लिए जाना जाता है। अब स्वर्ण खनन के साथ कटनी का नाम खनिज संपदा में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। कटनी में खनिज संपदा भंडार होने पर बड़वारा पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कटनी को कनकपुरी नाम दे दिया।






