
कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में नकली नोटों के अवैध कारोबार का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जबलपुर एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने कुठला थाना क्षेत्र की बिलहरी चौकी अंतर्गत ग्राम बखड़ेरा में दबिश देकर 1 लाख 56 हजार रुपए की नकली करेंसी जब्त की है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
STF की प्लानिंग और सात दिन की निगरानी के बाद कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कृष्णा लोधी पिता गुलाब सिंह (29) नामक युवक गांव में ऑनलाइन सेंटर की आड़ में नकली नोट छापने का धंधा चला रहा है। टीम ने एक सप्ताह तक युवक की गतिविधियों पर निगरानी रखी और सबूत पुख्ता होते ही बुधवार शाम को बखड़ेरा गांव में छापा मारा।
छापे में बरामद हाईटेक उपकरण और नोट छपाई का जखीरा
कार्रवाई के दौरान STF ने युवक के ठिकाने से नकली नोटों को प्रिंट करने वाली सामग्रियां जब्त की इस दौरान 1,56,000 के नकली नोट ₹500, ₹200 और ₹100 के साथ ही कलर प्रिंटर, कंप्यूटर सिस्टम, स्कैनर,स्पेशल पेपर, स्याही, गोंद, ब्लेड, डिज़ाइन फाइलें
नकली नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाला पूरा हाईटेक सेटअप जप्त किया गया
दुकान को बनाया था ढाल, जबलपुर से जुड़ा नेटवर्क
कृष्णा लोधी बखड़ेरा में ऑनलाइन और गारमेंट्स की दुकान संचालित करता था, जिसे वह फर्जीवाड़े की आड़ के रूप में उपयोग कर रहा था। यहीं से वह कंप्यूटर और प्रिंटर के ज़रिए नकली नोटों की छपाई करता था। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने कबूला है कि उसका नेटवर्क जबलपुर सहित अन्य महानगरों तक फैला हुआ है, और नकली नोटों की सप्लाई आसपास के जिलों और संभावित रूप से अन्य राज्यों में भी की जाती थी।
इस कार्रवाई में STF जबलपुर की टीम के साथ-साथ टीआई निकिता शुक्ला, एसआई गणेश ठाकुर और एक उपनिरीक्षक समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने पूरी रणनीति के साथ योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार युवक को जबलपुर ले जाया गया है जहां STF की पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासे की उम्मीद की जा रही है कि यह मध्यप्रदेश में नकली नोटों की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक साबित हो सकती है।







