
एंकर कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित शंकर इलेक्ट्रॉनिक में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और काउंटर में रखी करीब 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी का तरीका देखकर बरगवां में हाल ही में हुई बड़ी चोरी की वारदात की याद ताजा हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शंकर इलेक्ट्रॉनिक में एलईडी टीवी के बड़े डिस्प्ले की रिपेयरिंग का काम किया जाता है। चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान के अंदर रखे बड़े-बड़े एलईडी डिस्प्ले चोर नहीं ले जा सके, लेकिन काउंटर के गल्ले में रखी करीब 2 लाख रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकान संचालक ने दुकान खोली और अंदर पहुंचा तो टूटी हुई दीवार और सामान की स्थिति देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान संचालक का अनुमान है कि दीवार में बनाए गए छोटे से छेद के रास्ते किसी बच्चे को अंदर भेजकर गल्ले से नकदी निकलवाई गई होगी। हालांकि, चोरी को अंजाम देने का वास्तविक तरीका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शंकर लाल यादव दुकानदार
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि हाल ही में बरगवां में भी दीवार तोड़कर अंतरराज्यीय चोरों द्वारा करीब 15 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। अब उसी तरह दीवार में सेंध लगाकर कटनी शहर के बीचोंबीच चोरी की इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं, सर्दी का मौसम शुरू होते ही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर चोर शहर के व्यस्त इलाके में दुकान की दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दे गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर चोरी का खुलासा कर पाएगी या चोर एक बार फिर पुलिस को चुनौती देकर फरार रहने में कामयाब होंगे?








