
जबलपुर! नवरात्रि मेले में मां शारदा के दर्शन करने मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी ट्रेनों को अस्थाई ठहराव देने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित तिथियों में मैहर स्टेशन पर पांच मिनट रुकेंगी। इस सुविधा से देश के विभिन्न शहरों से मैहर आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा रेल प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा, चेन्नई-छपरा, वलसाड-मुजफ्फरपुर, कोल्हापुर-धनबाद, एलएलटी-रक्सौल, दुर्ग-नौतनवा, पुणे-गोरखपुर सहित 15 जोड़ी ट्रेनों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पूर्णा-पटना, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट, एलएलटी-रांची, बांद्रा टर्मिनस-पटना, पुणे-बनारस, एलएलटी-गुवाहाटी और सूरत-छपरा एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर मैहर स्टेशन पर रुकेगी इन ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा एनटीईएस, हेल्पलाइन नंबर 139 या रेल मदद का उपयोग कर सकते हैं।
नवरात्रि मेले के दौरान मैहर स्टेशन पर ट्रेनों के अस्थाई ठहराव से श्रद्धालुओं को मां शारदा के दर्शन के लिए यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।






