“राष्ट्रपति भवन पहुंचा कटनी का होनहार आरुष, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बांधी राखी”

कटनी के एक प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो न सिर्फ उसके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। कटनी के प्रेमनगर स्थित सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास के प्रतिभाशाली छात्र आरुष सिंह को राष्ट्रपति भवन में देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने का अवसर मिला।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वयं आरुष की कलाई पर राखी बांधी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राष्ट्रपति ने आरुष को निरंतर मेहनत करने और एक उत्कृष्ट जूडो चैंपियन बनकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात का यह पल आरुष के लिए बेहद खास और भावुक रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उसकी कलाई पर राखी बांधना उसके जीवन की ऐसी याद बन गया, जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएगा।

यह मुलाकात आरुष के लिए सिर्फ रक्षाबंधन का अवसर नहीं थी, बल्कि उसकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को मिले सम्मान का प्रतीक भी थी। राष्ट्रपति ने आरुष का उत्साह बढ़ाते हुए उसे आगे भी पूरी मेहनत के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

दरअसल, आरुष की राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने की कहानी उसकी कड़ी मेहनत और खेल के प्रति जुनून से जुड़ी है। 14वीं नेशनल पैरा जूडो चैंपियनशिप-2025 में आरुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 19 से 23 दिसंबर 2025 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आरुष की उपलब्धि ने कटनी और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया था।मैट पर जीता गया यही सिल्वर मेडल आरुष के लिए राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने की राह बना और उसे देश की प्रथम नागरिक से मिलने का गौरव हासिल आरुष के इस विशेष दिल्ली प्रवास को केवल राष्ट्रपति भवन की यात्रा तक सीमित नहीं रखा गया। इस दौरान उसने देश के इतिहास, विरासत और लोकतांत्रिक यात्रा से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण भी किया।

आरुष ने प्रधानमंत्री संग्रहालय, अमृत उद्यान और किला राय पिथौरा प्रदर्शनी का भ्रमण किया। इन स्थलों ने उसके दिल्ली प्रवास को ज्ञान, इतिहास और प्रेरणा से भर दिया। आरुष को राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाने में कटनी के शिक्षा परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी के निर्देशन में आरुष को यह अवसर मिला।

आरुष के मार्गदर्शन और सहयोग में अनिल त्रिपाठी, ए.पी.सी. आई.ई.डी., जिला शिक्षा केन्द्र कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरुष की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी  सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक  प्रेमनारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयकगण, जिला शिक्षा केन्द्र के कर्मचारी, विकासखंड स्त्रोत केन्द्र समन्वयकगण, वार्डन, एम.आर.सी. और छात्रावास के कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की सभी ने आरुष को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत कर खेल के क्षेत्र में कटनी और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करता रहेगा।

एक छोटे से शहर से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक भवन तक पहुंचना आरुष की मेहनत और प्रतिभा की बड़ी मिसाल है। राष्ट्रपति के हाथों राखी बंधवाने और उनका आशीर्वाद पाने का यह पल आरुष के लिए जीवनभर की याद बन गया है।

आरुष का दिल्ली प्रवास 30 अगस्त 2026 को वापसी के साथ संपन्न होगा। उम्मीद है कि राष्ट्रपति से मिले इस प्रोत्साहन और आशीर्वाद के बाद आरुष अपने जूडो के सफर में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और आने वाले समय में देश के लिए गौरव का कारण बनेगा।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING