
नीरज तिवारी बरही न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी/ न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया! बरही। उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र की अमरपुर चौकी अंतर्गत चिल्हारी गांव में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बीच बाजार मनिहारी की दुकान में बैठे बुजुर्ग दंपति पर एक अज्ञात युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार चिल्हारी के बीच बाजार में 70 वर्षीय जानकी कचेर अपने 75 वर्षीय पति मोहन कचेर के साथ मनिहारी की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और कथित रूप से लोहे की सरिया से दोनों के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा। दिनदहाड़े बाजार के बीच बुजुर्ग दंपति पर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
हमले में घायल दोनों बुजुर्गों को तत्काल उपचार के लिए बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए आगे रेफर किया। जानकारी के मुताबिक दोनों को जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, हमले की वजह बनी पहेली
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की पहचान करने के साथ ही हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हमला किस कारण से किया गया और आरोपी की बुजुर्ग दंपति से क्या दुश्मनी थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बाजार के बीच दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाने वाला आरोपी कौन था और उसने इतनी बेरहमी से हमला क्यों किया? पुलिस की जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
घटना के बाद चिल्हारी बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा बुजुर्ग दंपति पर हमले की पूरी घटना का खुलासा करने की मांग की है।







