
भोपाल। पीएसवाई-प्रतिभा सम्मान योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों के उत्कृष्टता सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार, 10 अगस्त को लोक शिक्षण संचालनालय सभागार, भोपाल में किया गया। समारोह में चयनित विद्यार्थियों को पदक एवं निधि प्रदान कर उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश के आयुक्त अभिषेक सिंह (आईएएस) रहे। उनके करकमलों से राज्य स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक शिक्षण संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में कटनी जिले के होनहार छात्र सक्षम को उत्कृष्ट चित्रकला प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया। सक्षम ने अपनी रचनात्मक क्षमता और कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर कटनी जिले का नाम गौरवान्वित किया।
उल्लेखनीय है कि सक्षम वरिष्ठ पत्रकार जीतेन्द्र कोस्टा के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सक्षम की उपलब्धि पर जिले के गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ जिले के अन्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।








