
कटनी। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालयीन स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जर्जर और अनुपयोगी शासकीय विद्यालय भवनों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम की टीम ने पहरूआ स्थित ईपीएस शासकीय माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीन की मदद से डिस्मेंटल कर दिया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार यह भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। वर्षाकाल के दौरान ऐसे भवनों के गिरने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए भवन को सुरक्षित तरीके से हटाने का निर्णय लिया गया।
डिस्मेंटल की कार्रवाई के दौरान नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित अतिक्रमण दस्ता मौके पर मौजूद रहा। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया ताकि आसपास मौजूद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जनपद शिक्षा केंद्र एवं समग्र शिक्षा अभियान कटनी से प्राप्त प्रस्तावों तथा सक्षम अधिकारियों के निर्देशों के आधार पर चिन्हित जर्जर विद्यालय भवनों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करना है।
नगर निगम का कहना है कि नगर क्षेत्र में स्थित अन्य जर्जर शासकीय भवनों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता अनुसार उन्हें भी डिस्मेंटल करने की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।







