
कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम छहरी स्थित शंकर सिंधी के चंदन एवं आंवला बगीचे की देखरेख करने वाले चौकीदार कमलेश कुशवाहा ने 14 मार्च 2026 को थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 और 9 मार्च की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने बगीचे में घुसकर 15 चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए तथा 15 अन्य पेड़ों के तनों को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया रिपोर्ट के आधार पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सतना से हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी सतना जिले में मौजूद हैं, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिया गया था। इसके बाद माधवनगर पुलिस ने आरोपियों का प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में राजू उर्फ चमरा पारधी, ईजुव पारधी, इलावन पारधी, मकौना उर्फ मतऊआ पारधी, अक्सेना उर्फ गुलगुली पारधी निवासी पटेहरा थाना कुठला जिला कटनी तथा डई पारधी निवासी देवरी थाना बीजाडांडी जिला मंडला को गिरफ्तार किया है।
चोरी का तरीका भी आया सामने
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों का रूप धारण कर माला, रुद्राक्ष और अन्य सामान बेचने के बहाने गांवों में घूमकर पहले रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय महिला और पुरुष साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ सतना जिले में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश मिश्रा एवं आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







