कटनी में UCC पर जनमंथन: सांसद-विधायक समेत समाज के हर वर्ग ने दिए सुझाव, समान नागरिक संहिता पर बनी सहमति की राह

कटनी। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति लगातार जनसंवाद कर रही है। इसी क्रम में रविवार को कटनी के शासकीय तिलक महाविद्यालय में जनपरामर्श बैठक आयोजित की गई, जहां जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों ने अपने सुझाव रखे।

बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ कानूनविद् अनूप नायर ने की। उन्होंने बताया कि समिति विवाह, भरण-पोषण, तलाक, उत्तराधिकार और अन्य पारिवारिक कानूनों से जुड़े सामाजिक, कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन कर राज्य सरकार को अपनी अनुशंसाएं सौंपेगी।

बैठक में सांसद विष्णु दत्त शर्मा, विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पर्यावरणविद् निर्भय सिंह, समाजसेवी मोहन नागवानी और शिक्षाविद् डॉ. चित्रा प्रभात सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।

समिति ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में इस तरह की जनपरामर्श बैठकों के माध्यम से नागरिकों की राय जुटाई जा रही है, ताकि समान नागरिक संहिता के संबंध में व्यापक, व्यवहारिक और सर्वमान्य सुझाव तैयार किए जा सकें।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा यूसीसी के लिए विशेष पोर्टल लॉन्च किया जा चुका है, जहां प्रदेश का कोई भी नागरिक अपने सुझाव ऑनलाइन भेज सकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक माधुरी गर्ग ने किया। बैठक में पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING