“होली पर यात्रियों को बड़ी सौगात: रीवा–रानी कमलापति के बीच सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन का संचालन” 

newsvoiceofindia/

जबलपुर, 8 फरवरी। आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्री यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से रीवा और रानी कमलापति के बीच सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 02192/02191 रीवा–रानी कमलापति–रीवा सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन का 01-01 ट्रिप संचालन किया जाएगा। इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित श्रेणी, शयनयान श्रेणी एवं सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

यह सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, बीना एवं विदिशा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी, जिससे मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 02192 रीवा–रानी कमलापति सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन दिनांक 28 फरवरी 2026 को रीवा स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सतना 13:20 बजे, मैहर 13:50 बजे, कटनी मुड़वारा 14:50 बजे, दमोह 16:10 बजे, सागर 17:15 बजे, बीना 18:45 बजे, विदिशा 19:50 बजे रुकते हुए रात 21:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुँचेगी।

वहीं वापसी में, गाड़ी संख्या 02191 रानी कमलापति–रीवा सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन दिनांक 28 फरवरी 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से रात 22:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन विदिशा 23:08 बजे, अगले दिन बीना 00:20 बजे, सागर 01:30 बजे, दमोह 02:40 बजे, कटनी मुड़वारा 04:10 बजे, मैहर 05:35 बजे, सतना 06:15 बजे होते हुए सुबह 07:30 बजे रीवा स्टेशन पहुँचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष होली स्पेशल ट्रेन की आरक्षण सुविधा का लाभ किसी भी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र अथवा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उठा सकते हैं। ट्रेन के ठहराव एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेल मदद हेल्पलाइन 139, संबंधित स्टेशन अथवा रेलवन एप से संपर्क कर सकते हैं।

रेलवे की इस पहल से होली पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING