
कटनी। जिला अस्पताल में सोमवार, 10 नवम्बर 2025 की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इलाज के लिए आए कुठला निवासी सतीश पटेल पिता परदेसी पटेल (उम्र 30 वर्ष) का दो वर्षीय पुत्र विनायक पटेल अचानक भीड़भाड़ के बीच लापता हो गया।
जानकारी के अनुसार सतीश अपनी धर्मपत्नी और बेटे के साथ जिला अस्पताल इलाज कराने आया था। दवाई लेने के लिए वह लाइन में लगा हुआ था, इसी दौरान भीड़ अधिक होने के कारण मासूम विनायक खेलते-खेलते अचानक कहीं गुम हो गया। बच्चे के न दिखने पर मां ने तत्काल पिता को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली ने तत्परता दिखाते हुए टीम को जिला अस्पताल रवाना किया। पुलिस स्टाफ ने बिना समय गंवाए पूरे अस्पताल परिसर में बच्चे की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की लगातार खोजबीन के बाद बालक को अस्पताल के पीछे वाले निकास द्वार के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
आरक्षक लुटेश प्रजापति, दीपक तिवारी एवं मंसूर हुसैन की त्वरित कार्रवाई से बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सुपुर्द किया गया। पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की उपस्थित नागरिकों एवं परिजनों ने सराहना की।






