
न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया
कटनी। शहर में एक बार फिर रफ्तार ने दो जिंदगियों को निगल लिया। बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे पीरबाबा के पास एक बड़ा और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बेलगाम रफ्तार से दौड़ते ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि मृतक युवकों की पहचान ग्राम उबरा, थाना विजयराघवगढ़ निवासी आदित्य चतुर्वेदी एवं शुभांग मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों युवक एक्टिवा से पीरबाबा की ओर जा रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवकों के सिर धड़ से अलग हो गए। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस हृदय विदारक हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है, जो मौके से फरार हो गया।






