
कटनी।कटनी जिले में अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में बड़वारा पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की हैं।
गौरतलब है कि डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस द्वारा 8 जून 2026 को ग्राम गश्त और अपराधियों की पतासाजी के दौरान निगहरा मोड़, रोहनिया, परसेल और बिलायतकलां क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम रोहनिया में एक लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक ने अपना नाम सागर कोल निवासी रोहनिया बताया इसी तरह ग्राम परसेल में एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर चालक आजाद रौतेल से पूछताछ की गई। वहीं बिलायतकलां मेन रोड पर एक अन्य महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत परिवहन करते पाए जाने पर चालक सिपाही केवट से पूछताछ की गई।
पुलिस ने तीनों वाहन चालकों से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया और उनके खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. पटेल, उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह, महेश प्रताप सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






