
कटनी। आगामी मानसून सत्र को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी के एक खतरनाक एवं जर्जर भवन को निगम प्रशासन द्वारा सफलतापूर्वक ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। संभावित दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से मार्ग को दोनों ओर से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, वहीं निगम अमले और मशीनरी की मदद से भवन के खतरनाक हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाया गया। इस कार्रवाई से आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिली और जनहानि की आशंका समाप्त हो गई।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में पुराने और जर्जर भवनों का सर्वे कराया जा रहा है। जिन भवनों को खतरनाक श्रेणी में पाया गया है, उनके मालिकों को नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 के तहत नोटिस जारी कर सुधार अथवा ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध निगम प्रशासन नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रहा है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने जर्जर भवनों को स्वयं हटाएं या सुरक्षित कराएं, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।








